सरकारी शराब की दुकान और कैंटीन से महज 60 मीटर दूरी पर खुलेआम पिलाई जा रही शराब,

मिलक- रामपुर। रासडडिया बाजार में खुलेआम शराबखोरी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार में लगने वाले चाट-पकौड़ी, चिकन तथा अन्य खाद्य सामग्री के ठेलों पर देर शाम तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां खुलेआम शराब का सेवन किया जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी शराब की दुकान और कैंटीन से करीब 60 मीटर की दूरी पर स्थित इन ठेलों पर लोग बैठकर शराब पीते हैं। बाजार से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक इंटर कॉलेज भी स्थित है, जिसके कारण छात्रों, महिलाओं और आम नागरिकों को असहज माहौल का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि सुबह से लेकर देर शाम तक कुछ लोग ठेलों के आसपास बैठकर शराब पीते रहते हैं, जिससे आए दिन विवाद, गाली-गलौज और अभद्रता की स्थिति बनी रहती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बताया जाता है कि सरकारी शराब की दुकान के सेल्समैन द्वारा कई बार संबंधित लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब न पिलाने की हिदायत दी गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि ठेलों पर बैठकर खुलेआम शराब परोसी और पिलाई जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा ऐसे ठेलों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे बाजार का माहौल सामान्य और सुरक्षित बन सके।
इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि शिकायत सही पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना प्रतिबंधित है, तो रासडडिया बाजार में खुलेआम चल रही शराबखोरी पर आखिर कब रोक लगेगी? प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे हैं।