मिलक - रामपुर । दर्शन अकादमी, रठौंडा एवं दर्शन विद्यालय, गुलरिया भाट द्वारा सरकारी आयुर्वेदिक विभाग के सहयोग से 17 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले कार्यक्रम का समापन रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष योग सत्र के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सरकारी आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अवधेश एवं डॉ. मोहन कुमार तथा योग प्रशिक्षक रामू मौर्य ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
विद्यालय के हेडमास्टर डॉ. अरिंदम मोहंता ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। योग सप्ताह के दौरान रंगोली, पोस्टर मेकिंग, योगासन तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं योग के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के संदेश के साथ हुआ।
योग दिवस कार्यक्रम में कुल 37 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें 16 शिक्षक, 11 छात्र एवं 10 अभिभावक शामिल रहे। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।