मिलक - रामपुर । थाना मिलक पुलिस ने चार चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल, नकदी एवं अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना मिलक एवं थाना शहजादनगर में दर्ज चोरी के विभिन्न मुकदमों की जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मिलक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को चेकिंग एवं गश्त के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिहान उर्फ छोटू पुत्र शबाब अली निवासी कांकर सराय थाना अमरोहा देहात (अमरोहा), मोहम्मद शानू पुत्र नबीजान निवासी रतुपुरा थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) तथा सुल्तान उर्फ मुस्तफा पुत्र किफायत निवासी ढकिया पीरू थाना डिलारी (मुरादाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को शन्नू खां की बगिया से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर थाना मिलक में आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

बरामद सामान में नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण, पायल, कुंडल, नथनी, मंगलसूत्र, चूड़ियां, बिछुए एवं अन्य जेवरात शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह, उपनिरीक्षक दिर्घांशु शर्मा, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल चंचल चौधरी, कांस्टेबल विजय डागुर तथा कांस्टेबल ओपिन्दर सिंह शामिल रहे।