मिलक (रामपुर), 22 जून 2026 को ग्राम पंचायत हरसूनगला में नवनिर्मित सीसी रोड एवं खड़ंजा निर्माण कार्यों का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री माननीय बलदेव सिंह औलख, ब्लॉक प्रमुख पुत्र शुभांक प्रकाश, गन्ना समिति चेयरमैन रजनीश पटेल तथा ग्राम प्रधान सुनील दत्त आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने ग्राम प्रधान सुनील दत्त आर्य द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत हरसूनगला विकास के क्षेत्र में एक उदाहरण बनकर उभरी है। प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों में पंचायत सचिवालय, अस्पताल, अन्नपूर्णा मॉडल शॉप, सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा पानी की टंकी का निर्माण विशेष रूप से उल्लेखनीय है।
मंत्री ने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न जनसुविधाओं का विकास ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण कार्य की भी प्रशंसा करते हुए इसे ग्राम विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्राम पंचायत हरसूनगला में सीसी रोड एवं खड़ंजा निर्माण कार्यों के उद्घाटन अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शुभांक प्रकाश, गन्ना समिति चेयरमैन रजनीश पटेल एवं ग्राम प्रधान सुनील दत्त आर्य सहित अन्य गणमान्य उपस्थित।