शहजादनगर (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच खुलेआम जुए के संचालन की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जसमोली स्थित जाहरवीर मंदिर के निकट कच्चे रास्ते पर पॉपुलर के पेड़ों के बीच नियमित रूप से जुए का खेल संचालित किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि कथित जुए के अड्डे पर बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका बनी रहती है।

इसी बीच जुआ खेलते लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उक्त स्थान पर चल रहे कथित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए।

इस संबंध में थाना प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि उन्हें मामले की पूर्व में जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा, "यदि ऐसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो यह गंभीर विषय है। मैं तत्काल पुलिस फोर्स को मौके पर भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करवाता हूं।"

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।