मिलक (रामपुर)। बार एसोसिएशन मिलक की एक आवश्यक बैठक 22 जून 2026 को बार सभागार में आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों एवं स्टाम्प वेंडरों ने भाग लिया। बैठक में सरकार द्वारा प्रस्तावित ऑनलाइन फ्रेंन्चाइजी मॉडल योजना पर चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एकमत से कहा कि उक्त योजना लागू होने से आम जनमानस प्रभावित होगा तथा समाज में बेरोजगारी की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों और स्टाम्प वेंडरों ने योजना का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि जब तक सरकार ऑनलाइन फ्रेंन्चाइजी मॉडल योजना को वापस नहीं लेती, तब तक अधिवक्ता, बैनामा लेखक एवं स्टाम्प वेंडर अपना विरोध जारी रखेंगे। इसी क्रम में 23 जून 2026 से सभी अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों एवं स्टाम्प वेंडरों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।

बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश चन्द्र गंगवार एडवोकेट ने की, जबकि संचालन एवं जानकारी महासचिव रमेश चन्द्र एडवोकेट द्वारा दी गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बार एसोसिएशन ने न्यायालयों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आंदोलन के प्रति सहयोग की अपील की है।