फर्जी दस्तावेजों से खाते खुलवाकर करते थे साइबर ठगी, लैपटॉप, मोबाइल और बैंकिंग उपकरण बरामद।
पटवाई - रामपुर। थाना पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.5 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, स्वाइप मशीन, छह मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट तथा महिंद्रा थार वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पटवाई-सोहना पुल रोड पर एक महिंद्रा थार वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार प्रहलाद सिंह निवासी मुरादाबाद, विवेक कुमार एवं हरविंदर सिंह निवासी रामपुर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को एपीके फाइल भेजकर उनके मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल कर बैंक खातों से धनराशि ट्रांसफर कर लेते थे। इसके अलावा लोगों को पैसा दोगुना-तीन गुना करने का लालच देकर साइबर ठगी का शिकार बनाते थे। गिरोह फर्जी दस्तावेजों एवं मोहरों की मदद से बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराध से प्राप्त धन का लेन-देन करता था।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना पटवाई में संबंधित धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, अनुज कुमार, अजीत सिंह, हेड कांस्टेबल राम सिंह, अनिल कुमार, शहादत अली तथा कांस्टेबल नीरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।