आलोट। लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे आलोट क्षेत्र के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आलोट ब्लॉक के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 11 नए चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इनमें से आलोट के शासकीय अस्पताल को तीन चिकित्सकों की सौगात मिली है, जिनमें दो महिला चिकित्सक भी शामिल हैं। दो चिकित्सकों ने अस्पताल में अपना कार्यभार ग्रहण कर सेवाएं देना प्रारंभ कर दिया है।

आलोट नगर के शासकीय अस्पताल में वर्षों से डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए रतलाम, जावरा और उज्जैन जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी।

नए चिकित्सकों की नियुक्ति से अस्पताल की ओपीडी सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। विशेष रूप से महिला चिकित्सकों की तैनाती से महिला मरीजों को जांच एवं परामर्श के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। हालांकि अभी भी कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता बनी हुई है, लेकिन नए डॉक्टरों की नियुक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इन चिकित्सकों ने किया जॉइन

आलोट शासकीय अस्पताल में पदस्थ महिला चिकित्सक डॉ. हर्षिता वास्कले तथा डॉ. फैज खान ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है और मरीजों को अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है।