रतलाम जिले के हतनारा गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो की मौत, कई घायल
रतलाम। जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हतनारा में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ताजिया निकालते समय वह हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे कई लोगों को करंट लग गया। हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को रतलाम रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़, थाना प्रभारी रमेश कोली सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल भी हतनारा गांव पहुंचे तथा घटना की जानकारी लेकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस और प्रशासन की टीम द्वारा घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
#sachjantatak