हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र की मनोहरपुर कॉलोनी से 15 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने थाना हस्तिनापुर में तहरीर देकर पुलिस से किशोर की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।
मनोहरपुर कॉलोनी निवासी राजकुमार पुत्र बेदू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र विक्रांत शनिवार दोपहर करीब एक बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गया। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का कहना है कि घर या पड़ोस में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। विक्रांत का स्वभाव भी सामान्य और शांत है। ऐसे में उसके अचानक लापता हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार विक्रांत का रंग गेहूंआ, लंबाई लगभग पांच फीट चार इंच, शरीर सामान्य और चेहरा गोल है। लापता होने के समय उसने नीली जींस और हरे रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके एक हाथ की हथेली के पास अंग्रेजी अक्षर 'V' के आकार का निशान बना हुआ है, जो उसकी विशेष पहचान है।
थाना हस्तिनापुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर किशोर की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है तथा संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।