बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से बदायूँ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में 29 जून 2026 को विभिन्न थानों से जब्त 1,479.36 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2.30 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

इस कार्रवाई के साथ ही जनपद में अब तक कुल 5,140.139 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 14.11 करोड़ रुपये से अधिक है, का सफलतापूर्वक विनिष्टीकरण किया जा चुका है। 29 जून को नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 0.2 किग्रा चरस, 1,446.5 किग्रा डोडा, 0.101 किग्रा स्मैक, 26.234 किग्रा गांजा तथा 6.31 किग्रा नशीला पाउडर शामिल रहा।

मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण री-साइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड, बबराला (जनपद सम्भल) में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इन्सीनरेटर के माध्यम से किया गया। पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ड्रग डिस्पोजल कमेटी एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव की निगरानी में पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।
बदायूँ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन दहन” के माध्यम से जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।