हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के चेतावाला बंगाली कॉलोनी पर मंगलवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग, पशुधन कृषि प्रक्षेत्र (डेयरी विभाग) तथा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतावाला बंगाली कॉलोनी स्थित सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध निर्माण किए जाने की शिकायतें प्रशासन को लगातार मिल रही थीं। स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी। शिकायतों की जांच के बाद प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
मंगलवार को नायब तहसीलदार सचिन कुमार एवं पशुधन कृषि प्रक्षेत्र के अधिकारी अर्जुन कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग, डेयरी विभाग तथा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले संबंधित भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसमें निर्माण सरकारी भूमि पर पाया गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से बनाई गई दीवारों एवं अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश एवं सतर्कता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नायब तहसीलदार सचिन कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में दोबारा कब्जा करने या अवैध निर्माण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भू-माफिया संबंधी प्रावधानों सहित अन्य धाराओं में भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन से भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की।