बदायूं। बरेली सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने शिष्टाचार भेंट कर बदायूँ जनपद के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, आगामी सावन माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा की प्रशासनिक तैयारियों सहित विभिन्न जनहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बदायूँ आगमन का सादर आमंत्रण भी दिया।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने जनपद में संचालित विकास कार्यों, आवश्यक परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने बदायूँ मेडिकल कॉलेज एवं जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चर्चा की तथा मरीजों को बेहतर उपचार, पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिए जाने का विषय रखा।
उन्होंने कहा आगामी सावन माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर भी बात रखी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, निर्बाध यातायात, चिकित्सा सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक मार्ग पर आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रशासन ऐसी प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और आमजन का दैनिक आवागमन भी अनावश्यक रूप से बाधित न हो। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित निगरानी तथा सभी व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा किए जाने पर भी चर्चा हुई।अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बदायूँ के विकास एवं जनहित के विषयों पर मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनपद के विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनसुविधाओं को और अधिक गति मिलेगी।