बहसूमा (मेरठ)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद डीपीएम पब्लिक स्कूल, बहसूमा में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हवन-पूजन के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद वैदिक विधि-विधान से हवन संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने आहुति देकर नए सत्र की मंगलकामना की।
विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की उन्नति, विद्यालय की प्रगति तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर सचिव जगदीश त्यागी ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि डीपीएम पब्लिक स्कूल आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को भी समान महत्व देता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
प्रधानाचार्य जिया ज़ैदी ने विद्यार्थियों का नए सत्र में स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में डिजिटल एजुकेशन, स्मार्ट क्लासरूम एवं तकनीक आधारित शिक्षण प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर वैदिक मंत्रों से गुंजायमान रहा और आध्यात्मिक वातावरण में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हुआ। अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया।