हस्तिनापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को हस्तिनापुर क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण अभियान चलाया। वन विभाग के सहयोग से चेतावाला क्षेत्र में 101 पौधे लगाए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रुद्र प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर जीवन का आधार हैं। सभी लोगों को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाती रहेगी।
कार्यक्रम में सपा नेता जमील, जावेद, जोगिंदर भड़ाना, भगत सिंह इकवारा, हरीश गुर्जर, मदन भड़ाना, चेयरमैन डॉ. मिथुन दुष्यंत, ऋतिक चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए लोगों से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण अभियान में सहयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। पूरे कार्यक्रम का उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा।
:::