हस्तिनापुर (मेरठ): लतीफ़पुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ सोते हुए एक दृष्टिबाधित बुजुर्ग चतर सिंह पर पड़ोसी प्रमोद ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर में घुसकर बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके तीन दांत टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे भतीजे और पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल पहुँचाया। पीड़ित की कोई संतान नहीं है और उनका भतीजा ही उनकी देखभाल करता है। इस अमानवीय घटना पर हस्तिनापुर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।