सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत आलोट में साइबर सुरक्षा जागरूकता, क्विज प्रतियोगिता एवं सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन
आलोट। पुलिस मुख्यालय भोपाल (म.प्र.) द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के निर्देशन, एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के नेतृत्व एवं थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस द्वारा विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना आलोट के उप निरीक्षक मनोज पाटीदार, उप निरीक्षक आर.सी. खड़िया, प्रधान आरक्षक राहुल राठौर, आरक्षक लोकेंद्र शर्मा, आरक्षक ईश्वरसिंह एवं महिला आरक्षक अनिता जाटव द्वारा सांदीपनी विद्यालय, आलोट में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए साइबर सुरक्षा संबंधी प्रश्नों का संतोषजनक एवं सरल भाषा में उत्तर दिया तथा सेफ क्लिक 2.0 अभियान एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उप निरीक्षक मनोज पाटीदार ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से बालिकाओं को सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी, फोटो अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी।
कार्यक्रम में टीओटी प्रशिक्षक श्री आदित्य सेन, श्री दिनेश सोलंकी एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री फिरोज खान की विशेष उपस्थिति रही। यह आयोजन पुलिस अकादमी भौरी, भोपाल में प्राप्त टीओटी प्रशिक्षण के आधार पर स्कूल शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त सामुदायिक पुलिसिंग प्रयास के रूप में संपन्न हुआ।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान आरक्षक लोकेंद्र शर्मा द्वारा विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे गए, जिनका सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में उप निरीक्षक प्रमोद राठौर एवं आरक्षक मुकेश द्वारा ग्राम पालनगरा में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
साथ ही उन्हेल-नागेश्वर रोड स्थित एक्सीडेंटल स्पॉट पर राहगीरों को सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए संचालित राहवीर योजना की जानकारी भी दी गई।
थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने बताया कि थाना क्षेत्र में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विद्यालयों, ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साइबर अपराधों को होने से रोकने तथा नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए थाना आलोट पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान समय पर प्राथमिक उपचार एवं मानवीय सहायता के लिए प्रेरित करना है।