मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए देश के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन को भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।