कब्जेदारों की दबंगई: पैतृक खेत पर हकाई करने पहुंची महिला के ट्रैक्टर में लगाई आग, मारपीट; 7 पर आगजनी का केस

आलोट। समीपवर्ती ग्राम रजला में शुक्रवार दोपहर पैतृक भूमि को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की हकाई करने पहुंची महिला के ट्रैक्टर में कथित रूप से आग लगा दी गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बरखेड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज करते हुए आगजनी के मामले में सात नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पैतृक जमीन को लेकर पुराना विवाद

जानकारी के अनुसार, महिदपुर के ग्राम मंडला निवासी कमलाबाई अपने परिजनों के साथ ग्राम रजला स्थित पैतृक भूमि (सर्वे क्रमांक 475 एवं 497) पर हकाई करने पहुंची थीं। कमलाबाई का कहना है कि उक्त भूमि उनकी पैतृक संपत्ति है तथा खेत पर जाने से पहले उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी थी।

वहीं, दूसरे पक्ष के गिरिजानंदन व्यास का दावा है कि उक्त भूमि उन्हें वसीयत के आधार पर प्राप्त हुई है और उन्होंने वहां पहले से सोयाबीन की बुवाई कर रखी है। भूमि संबंधी विवाद वर्तमान में आलोट के सिविल न्यायालय में विचाराधीन है।

कहासुनी के बाद भड़की हिंसा

खेत पर दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं। इसी दौरान आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने आईशर ट्रैक्टर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस एवं डायल-100 मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने जले हुए ट्रैक्टर को जब्त कर थाने पहुंचाया।

वीडियो फुटेज के आधार पर जांच

बरखेड़ा पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आगजनी एवं मारपीट के मामले में गिरिजानंदन, राधेश्याम, कन्हैयालाल, बालूराम (ब्राह्मण), गोकुल सिंह, नरवर सिंह एवं नार सिंह निवासी रजला सहित अन्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।

वहीं, दूसरे पक्ष के सुखदेव, भेरूलाल, मुकेश, बलवंत सिंह, शिवराज सिंह एवं धीरज सिंह के विरुद्ध भी मारपीट तथा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।