भूमि संबंधी विवादों के त्वरित निराकरण हेतु रतलाम पुलिस का जिला स्तरीय विशेष शिविर आयोजित — एक ही दिन में 630 शिकायतें प्राप्त, 450 का मौके पर निराकरण
पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सुनी आमजन की समस्याएं, गंभीर मामलों में की गई वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
संवेदनशील प्रकरणों में बाउंड ओवर की कार्रवाई, शेष मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया हेतु दी गई समझाइश
रतलाम | दिनांक 04.07.2026
आमजन की भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में आज दिनांक 04 जुलाई 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भूमि संबंधी विवाद निराकरण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा आमजन की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रकृति एवं संवेदनशीलता के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
*630 शिकायतें प्राप्त, 450 का मौके पर निराकरण–*
जिलेभर में आयोजित इस विशेष शिविर के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 630 भूमि संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 450 शिकायतों का मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई अथवा आपसी समझाइश के माध्यम से निराकरण किया गया।
शेष प्रकरणों में संबंधित पक्षों को उपलब्ध साक्ष्यों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुसार सक्षम न्यायालय में आवश्यक कार्रवाई करने हेतु समझाइश दी गई।
*संवेदनशील मामलों में बाउंड ओवर की कार्रवाई–*
शिविर के दौरान जिन मामलों में शांति भंग होने अथवा विवाद बढ़ने की संभावना पाई गई, उनमें संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध बाउंड ओवर एवं अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे।
*आमजन को मिला त्वरित समाधान का लाभ–*
इस विशेष अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। संयुक्त सुनवाई एवं त्वरित कार्रवाई से अनेक वर्षों से लंबित विवादों के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हुई।
*रतलाम पुलिस की अपील–*
रतलाम पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें तथा विवाद का समाधान विधिसम्मत प्रक्रिया के माध्यम से कराएं। पुलिस एवं राजस्व विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के संयुक्त शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी न्याय उपलब्ध कराया जा सके।