हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के रहमापुर गांव के समीप मुख्य मार्ग पर रविवार को बरसात के कारण सड़क पर बने हालात के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना देकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हस्तिनापुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शिवा पुत्र महेश एवं प्रदीप, निवासी ग्राम चांद नगला, थाना हस्तिनापुर तथा अफजल पुत्र बंदू, निवासी बहसूमा घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के कारण सड़क के दोनों किनारों पर पानी भरा हुआ था। पानी से बचने के प्रयास में दोनों बाइक चालक सड़क के बीच की ओर आ गए। इसी दौरान आमने-सामने से आ रही दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी हस्तिनापुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल अफजल और शिवा पुत्र महेश को बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया।
सीएचसी हस्तिनापुर के चिकित्सक डॉ. बृजपाल ने बताया कि दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई थीं, इसलिए उन्हें मेरठ रेफर किया गया। वहीं, अफजल के परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय अपने साथ एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर चले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के कारण कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।