लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सोशल मीडिया पर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर किए गए तीखे हमले के बाद अब सपा की ओर से भी पलटवार किया गया है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने राजभर के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए उनके मानसिक स्वास्थ्य पर तंज कस दिया। उन्होंने लिखा, “नूर मंजिल मानसिक चिकित्सालय के डॉक्टर नायडू जी ने बताया कि जल्दी एडमिट कर इलाज नहीं किया गया तो यह बीमारी लाइलाज हो जाएगी। ओम प्रकाश जी के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”


ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा था निशाना

इससे पहले ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दादरी की रैली का जिक्र किया था। उन्होंने लिखा कि दादरी की “फ्लॉप रैली” के बाद अखिलेश यादव निराश और हताश हो गए हैं तथा अब कोई नई रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा, “गुड मॉर्निंग अखिलेश जी, उठ जाइए… सुबह हो चुकी है। सपने में देखा कि आप चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहने वाले हैं। दादरी की फ्लॉप रैली के बाद आपको समझ आ गया कि आपकी राजनीतिक जमीन खोखली हो चुकी है, इसलिए अब कोई रैली नहीं कर रहे हैं।”

 

उन्होंने आगे दावा किया कि सपा के ही कुछ करीबी लोग बता रहे हैं कि दादरी रैली के परिणाम से पार्टी नेतृत्व निराश है। राजभर ने यह भी कहा कि वह “मित्र” होने के नाते अखिलेश यादव की चिंता कर रहे हैं।


‘सिर्फ MY वोट बैंक से काम नहीं चलेगा’

अपने पोस्ट में राजभर ने सपा के पारंपरिक ‘MY (मुस्लिम-यादव)’ वोट बैंक पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अब केवल यादव और मुस्लिम वोटों या सोशल मीडिया तथा एसी कमरों की राजनीति के भरोसे सफलता नहीं मिलेगी। तंज भरे अंदाज में उन्होंने लिखा, “उठ जाग मुसाफिर भोर भयो।”


दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर हुई इस बयानबाजी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। अब इस जुबानी जंग को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।