मेरठ। भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील धामा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने समाधान दिवस में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विकास खंड परिक्षितगढ़ की ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विकास खंड परिक्षितगढ़ की कई ग्राम पंचायतों में नियुक्त सरकारी सफाई कर्मचारी स्वयं कार्य नहीं कर रहे हैं। उनकी जगह कम मानदेय पर निजी व्यक्तियों से सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इससे शासन की मंशा के विपरीत कार्य होने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि इस पूरे मामले में संबंधित ग्राम प्रधानों और ग्राम सचिवों की मिलीभगत होने की आशंका है। संगठन ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
समाधान दिवस के दौरान भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील धामा ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन किसानों और ग्रामीणों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।