मेरठ। थाना मुंडाली क्षेत्र के अंतर्गत लोटी गांव में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है और ग्रामीणों ने किठौर मार्ग को जाम कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोटी गांव निवासी राजू (40 वर्ष), जो ब्रह्म सिंह के पुत्र थे, किसी काम से गांव से बाहर निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते ही तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और परिजन राजू को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों का प्रदर्शन
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर किठौर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया है। ग्रामीण आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है।