गढ़मुक्तेश्वर के गुरुद्वारा नक्का कुआ में डीएम कविता मीणा ने सिर पर मिट्टी की टोकरी रखकर की सेवा, संगत ने किया सम्मानित
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की चरण-छोह प्राप्त पावन स्थली गुरुद्वारा नक्का कुआ, गढ़मुक्तेश्वर में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगभग पौने तीन करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीणा ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सिख परंपरा का सम्मान करते हुए अत्यंत विनम्रता, सादगी और श्रद्धा के साथ स्वयं अपने हाथों से सेवा की। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान अपने सिर पर मिट्टी की टोकरी उठाकर सेवा करते हुए सेवा-भाव का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस सादगी और समर्पण को देखकर उपस्थित संगत ने "बोले सो निहाल, सत श्री अकाल" के जयकारों के साथ उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गुरुद्वारा साहिब की पूर्ण मर्यादा का पालन करते हुए सबसे पहले अरदास में सहभागिता की। इसके उपरांत उन्होंने कार सेवा में भाग लिया तथा अंत में गुरु का लंगर ग्रहण किया। सिख धर्म में स्वयं श्रमदान कर सेवा करना सर्वोच्च सेवाओं में माना जाता है।
इस अवसर पर सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उत्तर प्रदेश मिशन, हापुड़ की ओर से जिलाधिकारी कविता मीणा को श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर), अमृतसर का स्मृति-चिह्न (मॉडल) एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी की सेवा-भावना, सादगी और धार्मिक मर्यादाओं के प्रति सम्मान की व्यापक सराहना की जा रही है। उनके सेवा कार्य की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनकी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी प्रशंसा की जा रही है।