हापुड़: 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 स्कूल वाहन सीज, 12 के चालान

हापुड़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने बुधवार को जनपद में "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान के तहत स्कूल वाहनों की सघन जांच की। परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 8 जुलाई को विभिन्न स्कूलों के वाहनों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन न करने, दस्तावेजों में अनियमितता तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 4 स्कूल वाहनों को संबंधित थानों में निरुद्ध (सीज) कर दिया गया। वहीं, विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले 12 अन्य वाहनों के चालान भी किए गए।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्कूल वाहनों में यात्रा करने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में फिटनेस, वैध परमिट, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, जीपीएस, स्पीड गवर्नर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।