मिलक (रामपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ग्राम हरसूनगला निवासी पूजा देवी पुत्री नुक्ता प्रसाद का विवाह शासन द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र परिवार को दिलाने में ग्राम प्रधान सुनील दत्त आर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ग्राम प्रधान सुनील दत्त आर्य ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जिससे बिना किसी आर्थिक बोझ के बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराया जा रहा है।
समारोह के दौरान नवदंपति को शासन की ओर से निर्धारित सहायता एवं आवश्यक घरेलू सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। योजना का लाभ मिलने पर परिजनों ने प्रदेश सरकार एवं ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
क्षेत्र के लोगों ने भी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए इसे समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक प्रभावी और जनहितकारी योजना बताया।