आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 100 स्थानों पर छापेमारी कर 60 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह उत्तर प्रदेश समेत देश के 13 राज्यों में करीब 50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर चुका है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि साइबर फ्रॉड की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर 178 मामलों का तकनीकी सत्यापन कराया गया। शिकायतें सही पाए जाने के बाद साइबर पुलिस, सर्विलांस टीम, एसओजी और थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक साथ 100 जगहों पर दबिश दी और 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी आगरा के रहने वाले हैं और संगठित तरीके से साइबर ठगी कर रहे थे।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी मेट्रिमोनियल वेबसाइटों पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी का झांसा देते थे। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग में कमाई का लालच, फर्जी बिजनेस वेबसाइट बनाकर निवेश और खरीदारी के नाम पर ठगी, एटीएम और बैंकिंग फ्रॉड तथा फर्जी कॉल और मैसेज के जरिए लोगों से ओटीपी, बैंक डिटेल और अन्य गोपनीय जानकारी लेकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या वेबसाइट पर भरोसा न करें। ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।