उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बारिश के कारण मस्जिद की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय एक परिवार मस्जिद की दीवार के सहारे लगाए गए टेंट में रह रहा था। दीवार गिरते ही परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। खुर्जा के सीओ शोभित कुमार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।