मिलक (रामपुर)। थाना मिलक पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को चोरी किए गए इंजन पम्पसेट, अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेहटा निवासी अलाउद्दीन पुत्र साबिर शाह 25 वर्ष को शुक्रवार तड़के बेहटा-भैसोड़ी रोड से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया इंजन पम्पसेट, 12 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, प्लास्टिक की रस्सी तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
बताया गया कि ग्राम बेहटा निवासी जवर सिंह ने अपने खेत से इंजन पम्पसेट चोरी होने की रिपोर्ट थाना मिलक में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। थाना मिलक पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।