बदायूं। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने उघैती थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर पीपरी में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गुरुवार देर रात एक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से कमरे में सो रही महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। महिला की मौत से चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
गांव रघुनाथपुर पीपरी निवासी गुड्डो देवी (37 वर्ष) पत्नी महिपाल सिंह गुरुवार रात अपने कमरे में सो रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे अचानक कमरे की छत में लगे लोहे के गाटर और सीमेंट की पटिया टूट गईं, जिससे पूरी छत भरभराकर महिला के ऊपर आ गिरी।तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और गंभीर रूप से घायल गुड्डो देवी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। गुड्डो देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।