हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। गांव के समीप बहने वाली सोती तथा अन्य नाले उफान पर आ गए, जिससे पानी तेजी से आबादी की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते गांव के कई घरों में पानी भर गया और गांव को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और कई लोग अपने घरों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में फंस गए। बड़ी संख्या में पशु भी बाढ़ के पानी से घिर गए।
स्थिति की गंभीरता की सूचना मिलते ही थाना हस्तिनापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। थाना हस्तिनापुर के एसएसआई नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक निर्दोष कुमार, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार तथा पुलिस टीम ने जोखिम भरे हालात में नाव के माध्यम से रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस ने बाढ़ में फंसे करीब पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इसके साथ ही लगभग 300 से अधिक भेड़-बकरियों का भी सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे पशुपालकों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी संतोष कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, साहस एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।