एटा जनपद के जैथरा नवागत थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. ने उन्हें जैथरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
थानाध्यक्ष सुनील वर्मा ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत बिना किसी भेदभाव और बिना किसी सिफारिश के सुनी जाएगी। सभी प्रार्थना पत्रों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन का विश्वास जीतना है और इसके लिए संवेदनशील एवं पारदर्शी कार्यशैली अपनाई जाएगी।


उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय शातिर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जाएगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार गश्त, चेकिंग और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैथरा थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।