खाचरोद जेल से फरार दुष्कर्म का आरोपी अवैध हथियार सहित गिरफ्तार, दो फरार कैदियों की तलाश जारी

आलोट। करीब सात माह पहले खाचरोद जेल से फरार हुए तीन विचाराधीन कैदियों में से एक को खारवा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध धारदार तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी पर पूर्व में दुष्कर्म के मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद होने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी नया प्रकरण दर्ज किया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर 2025 को खाचरोद जेल से विचाराधीन कैदी गोपाल पिता बापूलाल कीर, गोविंदराम पिता आशाराम तथा नारायण पिता भेरूलाल जाट जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना खाचरोद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक, उज्जैन द्वारा प्रत्येक पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौड़ के मार्गदर्शन में शनिवार को खारवा चौकी थाना ताल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी गोपाल कीर दौलतगंज के समीप मंडावल रोड पर अवैध हथियार के साथ घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध धारदार तलवार बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ताल में उसके विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी खाचरोद जेल में दुष्कर्म के प्रकरण में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद थे और मौका मिलते ही जेल से फरार हो गए थे। अब इनमें से एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष दो फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौड़ ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और शेष दोनों आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।