
एटा जनपद की अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोराचम में रविवार सुबह खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों ओर से चले लाठी-डंडों और पथराव में 4 लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लहराता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
जानकारी के अनुसार गांव में सुबह करीब 7 बजे एक खेत की मेड़ जोतने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई, फिर बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए।
इस झड़प में प्रथम पक्ष से रामनाथ सिंह 65 पुत्र मौजीराम और रामसनेही 70 पुत्र मौजीराम घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से सुमित 21 पुत्र रामपाल और विक्रम 22 पुत्र रामपाल सिंह घायल हुए। सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में कराया गया।
घायल रामसनेही ने बताया कि वह जानवरों के लिए घास लेकर घर लौट रहे थे तभी रास्ते में 8 लोगों ने घेरकर मारपीट की।
वहीं रामनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष का ट्रैक्टर उनके खेत में चल रहा था। मेड़ काटने से मना करने पर रामपाल, विक्रम, बाबा और नन्हू ने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने दो राउंड फायरिंग होने का भी आरोप लगाया।
दूसरे पक्ष के विक्रम ने कहा कि वह अपने खेत में ट्रैक्टर चलवा रहे थे तभी विवाद हुआ। जमीन को लेकर पहले से कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि पहला पक्ष घर पर चढ़ आया और दीवार तोड़ दी। सूचना पर डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची।
अलीगंज थाना प्रभारी रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया फायरिंग की बात गलत प्रतीत हो रही है। मौके से पत्थर बरामद हुए हैं। मेड़ को लेकर ही विवाद हुआ था। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।