रामपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" महाअभियान के तहत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक रामपुर सोमेंद्र मीणा एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने पौधारोपण कर किया।
पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने किया वृक्षारोपण, बच्चों को वितरित किए पौधे
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
अभियान के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में कुल 11,400 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर/लाइन, क्षेत्राधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी यातायात, पुलिस लाइंस का रिजर्व पुलिस बल, पीएमएस स्कूल के छात्र-छात्राएं तथा पुलिस परिवारों के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।