हापुड़ में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत एक दिन में लगे 11.55 लाख से अधिक पौधे
हापुड़। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 एवं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत रविवार को जनपद हापुड़ में रिकॉर्ड स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। पूरे जनपद में विभिन्न विभागों के सहयोग से एक ही दिन में 11,55,947 पौधों का रोपण कर निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया गया। सुबह 6 बजे से शुरू हुआ अभियान शाम तक लगातार चलता रहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी कविता मीना ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया। अभियान के तहत वन विभाग ने 49,733, ग्राम विकास विभाग ने 5,03,405, कृषि विभाग ने 1,35,000 तथा पर्यावरण विभाग ने 63,000 पौधों का रोपण किया। अन्य विभागों ने भी अपने-अपने लक्ष्य पूरे किए।
शासन द्वारा नामित मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने हापुड़-बुलंदशहर मार्ग स्थित कुराना टोल प्लाजा परिसर में 3,200 पौधों के रोपण के साथ अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह ने मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अतिथियों का रुद्राक्ष का पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में डॉ. सोमेन्द्र तोमर, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, ब्लॉक प्रमुख ममता तेवतिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहुजा, पर्यावरणविद भारत भूषण गर्ग, मूलचंद आर्य सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने महोगनी, अर्जुन, शीशम, बोतलब्रश समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों ने अपनी माताओं के साथ पौधारोपण कर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। सभी वक्ताओं ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
वहीं, शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी मयूर माहेश्वरी, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने एमजी रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोका-कोला कंपनी परिसर में जरूल का पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता की। उनके निर्देशन में सभी विभागों ने आपसी समन्वय से निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा किया।