रामपुर में 26.37 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, 26 विभागों को सौंपी जिम्मेदारी, जनभागीदारी से बनेगा हरित जनपद
मिलक (रामपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी "एक पेड़ माँ के नाम" महाअभियान के तहत शनिवार को जनपद रामपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ तहसील मिलक के ग्राम रहसेना स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर से हुआ। प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने पीपल का पौधा रोपकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और सभी नागरिकों से पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2017 से लगातार बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने बच्चे की देखभाल करती है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को अपने लगाए गए पौधे का भी संरक्षण करना चाहिए।
वर्ष 2026-27 में जनपद रामपुर में 26 लाख 37 हजार 300 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए 26 विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की निगरानी में ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता से पूरे जिले में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है।
कृषि राज्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के सहयोग से फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का अधिकाधिक रोपण कर गांवों को हराभरा बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से भी अपने घर और आसपास पौधे लगाकर दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
वन विभाग के अनुसार रामपुर वन प्रभाग की मिलक रेंज में लगभग चार हेक्टेयर क्षेत्रफल में 'कपि वन वाटिका' विकसित की जा रही है, जहां करीब 6,400 पौधे लगाए जा रहे हैं। यहां आम, जामुन, अमरूद, बेल, कटहल, नाशपाती, बेर, कैथा, केला, इमली, नींबू, पपीता, अनार, आंवला, शहतूत, करौंदा, पीपल, बरगद, गुलर, सहजन, अर्जुन, शीशम, हरड़, लीची, संतरा, शरीफा, कदम्ब, अमलतास, गुलमोहर और जरुल सहित अनेक प्रजातियों का रोपण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मिलक ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, एसडीएम अनुराग सिंह, डीएफओ गौरव जैन, वनक्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने इसे जनभागीदारी का महाअभियान बताते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।