परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव मवी में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ 12 किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए स्टार्टर और बिजली के केबल चोरी कर लिए। इस घटना से किसानों में भारी आक्रोश है, क्योंकि चोरी के कारण फसलों की सिंचाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी किसान मोमराज, जनेश्वर त्यागी, अमित त्यागी, हरेंद्र त्यागी, योगेंद्र, बिजेंद्र, विक्रम, मुकेश, टीकाराम, अभिषेक, दुष्यंत और संजय के खेतों में सिंचाई के लिए निजी नलकूप लगे हुए हैं। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने नलकूपों के ताले और कुंबल (कुंडी) तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा वहां लगे स्टार्टर और बिजली के केबल चोरी कर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर सिंचाई के लिए पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे मिले और सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के जंगलों व संभावित स्थानों पर चोरों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

पीड़ित किसानों ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वे परेशान हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।