हस्तिनापुर। हस्तिनापुर से चांदपुर जाने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए जानलेवा बना हुआ है। जेसीबी द्वारा काटे गए इस मार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी लगातार बह रहा है, जिससे ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर बाइक और पैदल आवागमन करने को मजबूर हैं। मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को भी ग्रामीण पानी के तेज बहाव के बीच से होकर अपने वाहनों के साथ गुजरते नजर आए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार सचिन चौधरी, पीडब्ल्यूडी अभियंता (जेई) अभिषेक शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी भी किसानों के साथ मौजूद रहे। ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन के सामने तत्काल पुलिया निर्माण और सड़क को सुचारु कराने की मांग रखी।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि पुलिया निर्माण के लिए दो से तीन दिन का समय दिया जाए, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराकर आवागमन बहाल कराया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में हर दिन खतरा बढ़ रहा है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि किसान, विद्यार्थी, मजदूर और आम लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। तेज बहाव के बीच रास्ता पार करना किसी बड़े जोखिम से कम नहीं है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय तत्काल पुलिया का निर्माण कराया जाए।
मौके पर जज सिंह, सतनाम सिंह, बंटी सिंह, सुक्का सिंह, बिरजू, बागमल, जॉनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से अपील की कि संपर्क मार्ग पर जल्द से जल्द पुलिया बनाकर यातायात सुचारु कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।