संतकबीरनगर। नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा के समाजसेवी मोहम्मद अहमद ने सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षाविद सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप कर संवाद के माध्यम से इस मुद्दे का सम्मानजनक समाधान निकालने की अपील की है।
मोहम्मद अहमद ने कहा कि सोनम वांगचुक केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि शिक्षा, विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश का गौरव हैं। उन्होंने अपने कार्यों से भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है और लाखों युवाओं को नई सोच व नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि यदि उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंताएं हैं, तो यह पूरे देश की जिम्मेदारी है कि उनकी आवाज़ सुनी जाए। यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि इंसानियत, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवाद का विषय है।
समाजसेवी मोहम्मद अहमद ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं पहल कर सोनम वांगचुक से बातचीत करें और उनका अनशन सम्मानपूर्वक समाप्त कराने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का स्थायी समाधान संवाद से ही निकलता है और देश अपने ऐसे अनमोल व्यक्तित्व को खोने का जोखिम नहीं उठा सकता।
उन्होंने देशवासियों से भी अपील की कि वे इस मुद्दे को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से उठाएं तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर रहकर समाधान की मांग करें। साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और सुरक्षित रहने की दुआ करते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र में हर आवाज़ को सम्मानपूर्वक सुना जाना चाहिए।