
अलीगंज उद्योग व्यापार मंडल बीएस गुप्ता गुट की नगर कार्यकारिणी का गठन रविवार को नगर के एक गेस्ट हाउस में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।राजकुमार गुप्ता को नगर अध्यक्ष, नरेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ लालजी को नगर महामंत्री और अनोज कुमार गुप्ता को नगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदभार ग्रहण करते ही सभी ने व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
एकजुटता से ही होंगी समस्याएं हल: माधव गुप्ता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष माधव गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों की असली ताकत एकजुटता है। संगठन मजबूत होगा तभी प्रशासन के सामने बात रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि अलीगंज नगर कार्यकारिणी का गठन संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने नए अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता से कहा कि कार्यकारिणी में सक्रिय और ईमानदार व्यापारियों को जोड़ा जाए, जिससे संगठन और मजबूत हो।
मंगल बाजार का मुद्दा गरमाया
बैठक में व्यापारियों ने मंगल बाजार के संचालन से जुड़ी दिक्कतें और उससे व्यापार पर पड़ रहे प्रभाव का मुद्दा उठाया। इस पर जिला अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि संगठन उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराएगा।
जिला महामंत्री अभिनव कुलश्रेष्ठ ने भी व्यापारियों से विचार साझा किए।
इस मौके पर विकास गुप्ता, विमल गुप्ता, अरुण गुप्ता, पवन यादव, नीरज गुप्ता, इंद्रप्रकाश गुप्ता, रेनू पाल, सर्वेंद्र राजपूत, विजय कुमार गुप्ता, सनी शर्मा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। नए पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।