संतकबीरनगर। ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सोमवार को एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा को समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार बताते हुए प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने और नियमित उपस्थिति के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
रैली में कम्पोजिट विद्यालय सोनाड़ी, कम्पोजिट विद्यालय कोचरी, पीएम श्री विद्यालय हैंसर बाजार तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। सोनाड़ी से शुरू हुई रैली हैंसर बाजार होते हुए सोनडीहा तक निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया।
मुख्य अतिथि नीलमणि ने कहा, "शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षित समाज ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सकता है।" उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश राम, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री रामकरन पासवान, एआरपी उमेश चंद्र मिश्र, नितिन कुमार, इंद्रकेश, अनिल कुमार एवं दिग्विजय पाण्डेय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने शिक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।