संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिला पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाए जाने के निर्णय का जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने स्वागत करते हुए इसे विकास और जनहित के लिए दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को निरंतर गति मिलेगी और अधूरे कार्यों को तय समय में पूरा करने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
बलराम यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला पंचायत जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समन्वय से संतकबीरनगर में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यकाल विस्तार से लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के साथ-साथ नई विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी।