संतकबीरनगर। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए किसान इंटर कॉलेज, पचपोखरी बाजार के प्रबंधक महमूद खान के आह्वान पर 17 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को अपराह्न 3:00 बजे किसान इंटर कॉलेज परिसर, पचपोखरी बाजार में भव्य नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह स्वास्थ्य शिविर शंभूनाथ मेमोरियल हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल नर्सिंग कॉलेज, बंधवा तथा शंभूनाथ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल (वीरंगना), नगवा, बड़गो, संतकबीरनगर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में डॉ. सी.एस. श्रीवास्तव (एमबीबीएस, एमडी), डॉ. सलोनी श्रीवास्तव (एमबीबीएस, डीजीओ), डॉ. रवि कुमार अग्रहरी (एमबीबीएस, डीएनबी), डॉ. सौम्या सिंह (एमबीबीएस, एमएस) सहित आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा के अनुभवी चिकित्सक भी अपनी सेवाएं देंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञों से परामर्श लेने का अवसर मिलेगा।
अस्पताल की ओर से मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी। संस्थान में आईसीयू, एनआईसीयू, वेंटिलेटर, एक्स-रे, सीटी स्कैन, 2डी ईको, अल्ट्रासाउंड, लैप्रोस्कोपी एवं अत्याधुनिक पैथोलॉजी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं नवजात शिशु से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष बाल रोग सेवाएं, टीकाकरण, पोषण संबंधी सलाह, एलर्जी, दमा, सामान्य बुखार, खांसी-जुकाम तथा विकास संबंधी जांच एवं परामर्श भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान हाजी अब्दुल कय्यूम खान ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। वहीं किसान इंटर कॉलेज के प्रबंधक महमूद खान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे इस नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और स्वस्थ जीवन की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।