बुलंदशहर/यूपी: बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल, एक कार, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पैसों का लेनदेन सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।