
एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के गांव मडफोरा में बुधवार दोपहर जमीन के चकरोड को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। आरोप है कि समझौते के नाम पर बुलाकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया और फायरिंग भी की। घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी।
समझौते के लिए बुलाया, फिर कर दिया हमला
पीड़ित प्रेमपाल यादव पुत्र बाजीलाल ने बताया कि गांव के ही अवधेश पुत्र राजनाथ मिश्रा ने सुबह फोन करके जमीन विवाद में समझौता करने के लिए बुलाया था। प्रेमपाल जब मौके पर पहुंचे तो वहां पहले से अवधेश के बेटे शिवम, राजू पुत्र हरी बाबू, मुकेश पुत्र हरी बाबू, सुरेंद्र पुत्र गोकुल प्रसाद और सत्यम पुत्र भीष्म पाल मौजूद थे। 
आरोप है कि पहले सभी ने मिलकर जमीन की नापतोल की। इसके बाद अवधेश और उसके बेटों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसी दौरान फायरिंग भी की गई।
एक का सिर फूटा, 3 रेफर
हमले में प्रेमपाल, उनके बेटे अभिषेक और फतेह सिंह पुत्र बाजीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिषेक के सिर में गंभीर चोट आई है। सूचना पर पहुंची जैथरा पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्या बोले थाना प्रभारी
थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच चकरोड की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है।