संतकबीरनगर। सड़क पर एक छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान को नई गति देते हुए विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम और स्कूली वाहनों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में जिले के कई प्रमुख विद्यालयों में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सूर्य इंटरनेशनल एकेडमी, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, नित्या पब्लिक स्कूल, एस.के.एन. एकेडमी, गेटवे एकेडमी, ब्लूमिंग बड्स, सिटी पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, माउंट वैली एकेडमी (खलीलाबाद), पीएमजीडी एकेडमी (मगहर) तथा आई.बी. एजुकेशनल एकेडमी (मेंहदावल) के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के मूल मंत्र बताए गए। बच्चों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक संकेतों की पहचान, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही विद्यालयों में संचालित सभी स्कूली वाहनों की बारीकी से जांच की गई। वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, पंजीकरण समेत अन्य आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया गया। अधिकांश वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि जिन वाहनों में कमियां मिलीं, उनके संचालकों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और परिचालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में बैठाने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। बच्चों में आज से ही सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करने का उद्देश्य उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाना है। इसी लक्ष्य के साथ जनपद में ऐसे जागरूकता एवं सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।