एटा: सीएम डैशबोर्ड में पिछड़े बी श्रेणी के विभाग, डीएम ने लगाई फटकार

जुलाई में हर हाल में ए श्रेणी में पहुंचें, नहीं तो होगी कार्रवाई

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर भी कसेगा शिकंजा

एटा सीएम डैशबोर्ड पर खराब परफॉर्मेंस देने वाले विभागों को लेकर जिलाधिकारी अरविंद सिंह सख्त हो गए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में बी श्रेणी में शामिल विभागों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए जुलाई महीने के अंदर ही अपनी रैंकिंग सुधारकर ए श्रेणी में पहुंचने के निर्देश दिए।


डीएम ने साफ कहा कि काम में लापरवाही और शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य पूरा न करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति को पोर्टल पर समय से अपडेट किया जाए। सीएम डैशबोर्ड पर जो भी नए बिंदु जुड़ें, उनकी नियमित मॉनिटरिंग हो और 100% फीडिंग सुनिश्चित की जाए
आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि निस्तारण सिर्फ औपचारिकता न हो। शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण और तथ्यपरक होना चाहिए। अधिकारी खुद आख्या जांचें और शिकायतकर्ता से बात कर संतुष्टि लें। कंप्यूटर ऑपरेटर के भरोसे आख्या भेजने की प्रवृत्ति बंद हो।



डीएम ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने पर ही जनपद की रैंकिंग में सुधार संभव है।बैठक में सीडीओ राजेंद्र प्रसाद मिश्र, डीपीआरओ राजकुमार मौर्य, डीसी मनरेगा प्रभु दयाल, डीसी एनआरएलएम विकल कुमार, डीएसटीओ प्रदीप कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।