विश्व युवा कौशल दिवस पर एनसीसी कैडेट्स को मिला करियर व स्किल डेवलपमेंट का मार्गदर्शन

हापुड़, 15 जुलाई। 38 यूपी बीएन एनसीसी बटालियन, हापुड़ द्वारा स्थानीय एसएसवी इंटर कॉलेज परिसर में विश्व युवा कौशल दिवस (World Youth Skills Day) के अवसर पर जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, हापुड़ के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए 38 यूपी बीएन एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल वैजयंत शारदा ने बताया कि युवा कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से इस विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम ने अपने संबोधन में शिक्षा, संस्कार, व्यक्तित्व विकास और कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफलता के लिए तकनीकी कौशल, संचार क्षमता और व्यवहारिक दक्षता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के माध्यम से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर कौशल विकास पर ध्यान देने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर रिसालदार मेजर संजय धामा तथा एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. योगेश कुमार ने भी कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। वहीं सूबेदार सुरजीत सिंह, एएनओ लेफ्टिनेंट कपिल बिसला और एएनओ लेफ्टिनेंट राहुल भाटिया द्वारा छात्र-छात्राओं के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जेएमएस ग्रुप के पुस्तकालय अध्यक्ष अनुज त्यागी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। अंत में रिसालदार मेजर संजय धामा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।